डांडिया की धुन पर थिरकीं इनर व्हील क्लब की महिलाएं, भक्ति और उत्साह से सराबोर हुआ नवरात्रि उत्सव

डांडिया की धुन

रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा-डांडिया से बांधा समां, घर से लाए पारंपरिक व्यंजनों के बीच हुई प्रतियोगिता, अध्यक्ष रेखा रानी ने दिया नारी सम्मान और शक्ति का संदेश

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। नवरात्रि के पावन अवसर पर इनर व्हील क्लब, नवादा की महिलाओं ने भक्ति, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति के रंगों से सजे डांडिया एवं गरबा उत्सव का आयोजन किया। जैन धर्मशाला के समीप क्लब की सदस्य सावित्री बरनवाल के निवास स्थान पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक आभूषणों से सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा की धुन पर जमकर उत्सव मनाया।

ads

पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी सदस्य अपने-अपने घरों से प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर लाई थीं। इन व्यंजनों को लेकर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक आस्था के साथ आपसी मेलजोल और पारंपरिक खानपान ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

ads

नवरात्रि शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक : रेखा रानी

क्लब की अध्यक्ष रेखा रानी ने कहा कि नवरात्रि में आदिशक्ति मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इनर व्हील क्लब भी महिलाओं का संगठन है, जहां महिलाएं एकजुट होकर सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेती हैं। उन्होंने कहा कि आज सभी महिलाएं सज-धजकर रंग-बिरंगे परिधानों और आभूषणों में डांडिया उत्सव मनाने पहुंची हैं।

advertisment

सभी के चेहरे पर अलग ही उमंग और उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व है। डांडिया और गरबा इस पर्व के प्रमुख पारंपरिक नृत्य हैं, जो शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

ads

महिलाओं को कमजोर नहीं समझें, सम्मान से ही आगे बढ़ेगा देश

रेखा रानी ने नारी सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को कभी कमजोर नहीं समझना चाहिए। बेटी, बहन और मां के रूप में हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए। जब समाज महिलाओं को उचित सम्मान और अवसर देगा, तभी देश वास्तविक अर्थों में आगे बढ़ेगा। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “मां के आगे दीप जरूर जलाना, लेकिन किसी के आगे अंधेरा नहीं फैलाना।” उनका यह संदेश धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए जय माता दी के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त की।

advertisement

इन सदस्यों की रही सक्रिय भागीदारी

इस डांडिया एवं गरबा उत्सव में क्लब की अध्यक्ष रेखा रानी, सचिव पुष्पा कुमारी, कोषाध्यक्ष कशिश सिन्हा, उपाध्यक्ष अंजना सिन्हा, आईएसओ मुस्कान कुमारी, संपादक जय लक्ष्मी सिन्हा सहित बिन्नी प्रसाद, सावित्री बरनवाल, रेणुका मगहिया, आशा देवी, उषा बरनवाल, डॉ. पिंकी बरनवाल, डॉ. गिसू श्वेता, संध्या यशवाल, संध्या सिंह, डॉ. उर्मिला भगत, रीता चंद्रा, अदिति गोयल, रजनी कुमारी और अंजू चौधरी ने भाग लिया। कार्यक्रम ने नवरात्रि की धार्मिक महत्ता के साथ महिला एकता, सांस्कृतिक परंपरा और नारी सम्मान के संदेश को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page