सात दिनों से लापता चौकीदार की हत्या कर फेंका शव, बजरा मोड़ के पास मिला शव, शरीर पर चोट के निशान से सनसनी

गर्दन में बंधी थी रस्सी, शरीर के संवेदनशील हिस्से पर भी मिले जख्म के निशान, एसपी अभिनव धीमान पहुंचे सदर अस्पताल, परिजनों को दिया न्याय का भरोसा, हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए नरहट थाना में तैनात एक चौकीदार की हत्या कर शव फेंक दिया। रविवार को हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा मोड़ के समीप चौकीदार का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई

। मृतक की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के पुंथर गांव निवासी सुरेश पासवान के पुत्र महेश पासवान के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से नरहट थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।

शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशान हत्या की आशंका को गहरा रहे हैं। मृतक की गर्दन में रस्सी बंधी हुई थी, जबकि शरीर के संवेदनशील हिस्से पर भी जख्म के निशान पाए गए हैं।

ड्यूटी पर जाने के बाद सात दिनों से थे लापता
परिजनों के अनुसार, महेश पासवान 23 नवंबर 2026 को नरहट थाना में ड्यूटी करने गए थे, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिल रहा था। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।

इसी बीच रविवार को हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा मोड़ के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान महेश पासवान के रूप में की। परिजनों ने आपसी दुश्मनी में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सदर अस्पताल पहुंचे एसपी, परिजनों से ली जानकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए नवादा पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

एसपी ने बताया कि मृतक के शरीर के संवेदनशील हिस्से पर जख्म के निशान मिले हैं। गर्दन पर भी निशान पाया गया है, जो मामले को गंभीर बनाता है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, एसआईटी करेगी हत्याकांड की जांच
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित कर जांच के लिए अपने साथ ले गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर हिसुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पुलिस की तहकीकात से ही चौकीदार की मौत के पीछे छिपे राज और हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा।

सात दिनों तक लापता रहे एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

