ताइक्वांडो में नवादा की बेटियों का स्वर्णिम धमाका, दो गोल्ड समेत झटके 5 पदक

पटना में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में दिखाया दमखम, अनुष्का और खुशी ने गोल्ड पर जमाया कब्जा; मगध प्रमंडल को दिलाई उपविजेता की ट्रॉफी
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पटना में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नवादा की बेटियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए सफलता का परचम लहरा दिया।

मुकाबले में नवादा की खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। वहीं, इन शानदार उपलब्धियों के दम पर अंडर-14 बालिका वर्ग में मगध प्रमंडल ने ओवरऑल उपविजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

बिहार की राजधानी पटना में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित बिहार राज्य अंतर प्रमंडल विद्यालय अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में नवादा की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में अनुष्का कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को पहली बड़ी सफलता दिलाई। वहीं, 29 किलोग्राम भार वर्ग में खुशी कुमारी ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाकर नवादा की झोली में दूसरा स्वर्ण डाल दिया।

इसी तरह अंडर-19 बालिका वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में रिमी नारायण ने रजत पदक हासिल किया। जबकि रूपम पांडे ने 40 किलोग्राम और प्राची कुमारी ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले की पदक तालिका को पांच तक पहुंचा दिया।

कोचों की मेहनत और मार्गदर्शन ने दिलाई सफलता
नवादा जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष डॉ. आरपी साहू और जिला खेल पदाधिकारी रवि जी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघ के महासचिव सोनू कुमार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि का श्रेय जिला ताइक्वांडो के मुख्य कोच कौशल कुमार सहित कोच रवि रंजन, मुकुल कुमार, वरुण कुमार और निर्जल कुमार के प्रशिक्षण एवं मेहनत को दिया। साथ ही राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी कन्हैया कुमार, विकास कुमार, सुभाष कुमार और अलीशा राज के मार्गदर्शन की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि नवादा की बेटियों ने अपने शानदार खेल से न केवल जिले का मान बढ़ाया, बल्कि मगध प्रमंडल को उपविजेता का ताज दिलाकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

राज्य प्रतियोगिता में अलीशा राज की भी अहम भूमिका
प्रतियोगिता में नवादा की राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी अलीशा राज का चयन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से जारी पत्र के माध्यम से किया गया था। वहीं, टीम प्रभारी के रूप में कौशल कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर संघ के उपाध्यक्ष श्रवण बरनवाल, शिवकुमार प्रसाद, कोषाध्यक्ष कन्हैया कुमार, खेल कार्यालय के सुनील जी, राहुल कुमार, पूर्व कराटे कोच रविशंकर कुमार, नीरज कुमार, वरीय खिलाड़ी रूपम पांडेय, स्वीटी कुमारी, आलिया राज सहित अन्य खेल प्रेमियों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

