बाल विवाह के खिलाफ नवादा में जागी जागरूकता की अलख, अकबरपुर और गोविंदपुर में दिलाई गई शपथ

100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, बाल विवाह कराने वालों पर कार्रवाई के कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी; रोकथाम के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए नवादा जिले में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को अकबरपुर एवं गोविंदपुर प्रखंड में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक भागीदारी मजबूत करने का संदेश दिया गया।

महिला एवं बाल विकास निगम (समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार) द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW),

नवादा के तत्वावधान में बाल विकास परियोजना कार्यालय, अकबरपुर एवं गोविंदपुर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधक है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। बाल विवाह में शामिल अभिभावकों, आयोजकों तथा विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

रोकथाम में आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम में महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र

में बाल विवाह से जुड़े मामलों पर सतर्क नजर रखने, लोगों को जागरूक करने तथा ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली।

उन्होंने संकल्प लिया कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बाल विवाह का विरोध करेंगी और इसकी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करते हुए सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण केवल कानून से नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से ही संभव है।

