हरिश्चंद्र स्टेडियम में राज्यस्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज

बिहार के 9 प्रमंडलों की खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम, डीडीसी शंभू शरण पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। शहर के हरिश्चंद्र स्टेडियम में बुधवार को राज्यस्तरीय राजकीय विद्यालय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त शंभू शरण पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही स्टेडियम का माहौल खेल उत्साह और रोमांच से सराबोर हो गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी शंभू शरण पाण्डेय ने प्रतियोगिता में शामिल सभी बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और टीम भावना विकसित करने का सशक्त जरिया है।

खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की सलाह देते हुए उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए अपने प्रमंडल, राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नौ प्रमंडलों की खिलाड़ी दिखाएंगी खेल प्रतिभा
उल्लेखनीय है कि 25 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित इस चार दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

इसके अलावा एकलव्य केंद्र के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अलग-अलग आयु वर्गों में होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन और खिताबी सफलता के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।

मार्च पास्ट से दिखी अनुशासन और एकजुटता की झलक
उद्घाटन समारोह का आकर्षण एस्कॉर्ट गाइड के बच्चों एवं स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट रहा। प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अनुशासन, एकजुटता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह में मौजूद अतिथियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का विकास करना है। साथ ही उन्हें खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक एवं खेलकर्मी मौजूद रहे।


