12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, प्रचार रथ को प्रधान जिला जज ने दिखाई हरी झंडी

नवादा में लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने की पहल तेज, सुलह-समझौते से मामलों के त्वरित निष्पादन का मिलेगा अवसर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर नवादा में प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया गया है।

इसी कड़ी में बुधवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार झा ने सिविल कोर्ट के मुख्य द्वार से प्रचार वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर निकाला गया यह प्रचार रथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों और इसके फायदों की जानकारी देगा।

इसके माध्यम से लोगों के बीच पंपलेट वितरित कर उन्हें अपने लंबित वादों का सुलह एवं आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के विवाद सुलझाने का अवसर
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित निष्पादन कराया जा सकता है। इसका उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, सरल एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।

प्रचार वाहन के जरिए लोगों को 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आशुतोष कुमार झा के नेतृत्व में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, नवादा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविन्द कुमार,

जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीशगण, अन्य न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्तागण, पारा विधिक स्वयंसेवक, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी उपस्थित रहे।




