होम डिलीवरी सेंटर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव से आग लगने की आशंका, लैपटॉप, कीमती कपड़े और ऑनलाइन डिलीवरी के सैकड़ों सामान खाक, पुलिस जांच में जुटी
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत कुशाहन गांव में एसएच-70 के किनारे शुक्रवार की देर शाम एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन में संचालित हो रहे होम डिलीवरी सेंटर को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में लैपटॉप, कीमती कपड़े और ऑनलाइन डिलीवरी के सैकड़ों प्रकार के सामान समेत करीब चार लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार, पिपरा निवासी उमेश यादव के उक्त मकान में पिछले कई महीनों से वोल्वो होम डिलीवरी सेंटर संचालित किया जा रहा था। शुक्रवार की देर शाम अचानक भवन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिरदला थाना की अग्निशमन गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, डिलीवरी सेंटर का संचालन अजीत कुमार द्वारा किया जा रहा था। यहां करीब 15 युवकों को काम पर रखा गया था, जो सेंटर से विभिन्न सामानों की होम डिलीवरी करते थे। कर्मचारियों के भोजन बनाने की व्यवस्था भी इसी भवन में थी। आग की चपेट में आने से सेंटर में रखे कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट अथवा गैस रिसाव बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पासवान ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के कारणों और नुकसान से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





