छात्रवृत्ति को लेकर नवादा में बड़ा फैसला, 6,276 आवेदनों पर लगी मुहर; हजारों छात्रों को जल्द मिलेगी राहत

जिला छात्रवृत्ति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ अनुमोदन, 29,945 पुराने आवेदनों को भी भुगतान के लिए राज्य स्तर पर भेजने की मिली स्वीकृति
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति को लेकर राहत भरी खबर है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद जिला छात्रवृत्ति समिति ने 6,276 आवेदनों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लंबित आवेदनों के निष्पादन की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। पुराने वित्तीय वर्षों के कुल 29,945 आवेदनों को भुगतान के लिए राज्य स्तर पर अग्रसारित करने की मंजूरी दी गई है।

शनिवार को उप विकास आयुक्त शंभू शरण पांडेय की अध्यक्षता में जिला छात्रवृत्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति, सत्यापन एवं अनुमोदन की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बिहार शिक्षा परियोजना सह सदस्य सचिव ने बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा एनआईसी, बिहार के माध्यम से विकसित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल के जरिए पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है।

53,139 आवेदन प्राप्त, 6,276 को मिली मंजूरी
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 53,139 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के 42,161 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 10,978 आवेदन शामिल हैं।

प्राप्त आवेदनों में से 37,754 का संस्थान स्तर पर सत्यापन पूरा किया जा चुका है। वहीं, भौतिक सत्यापन समिति ने 6,550 आवेदनों का सत्यापन किया है।

इनमें से 6,276 आवेदन उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए गए। समिति ने पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के 4,866 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 1,410 आवेदनों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी।

पुराने लंबित आवेदनों के भुगतान का भी रास्ता साफ
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के होम डिस्ट्रिक्ट चेकर पर प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। इसके तहत पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के कुल 28,064 सत्यापित आवेदनों में से 3,999 को भुगतान के लिए पूर्व में ही राज्य स्तर पर भेजने की स्वीकृति दी जा चुकी थी। शेष 24,065 आवेदनों को भी राज्य स्तर पर अग्रसारित करने की मंजूरी दी गई।

इसी प्रकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कुल 6,832 आवेदनों में से 952 को पूर्व में राज्य स्तर पर भेजने की स्वीकृति मिली थी। शेष 5,880 आवेदनों को भी भुगतान के लिए राज्य कार्यालय भेजने की मंजूरी प्रदान की गई।

अविलंब राज्य कार्यालय भेजे जाएंगे स्वीकृत आवेदन
उप विकास आयुक्त शंभू शरण पांडेय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत स्वीकृत सभी आवेदनों को भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अविलंब राज्य कार्यालय भेजा जाए।

जिला स्तर पर लंबित शेष आवेदनों का संबंधित जांच समिति के माध्यम से शीघ्र भौतिक सत्यापन कराते हुए नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति योजना से जुड़े सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन किया जाए, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही भुगतान से संबंधित कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने और संचयी प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
बैठक में नवादा विधायक विभा देवी, वारिसलीगंज विधायक कुमारी अनिता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा वर्षा सहित जिला छात्रवृत्ति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

