हुड़दंग किया तो खैर नहीं! नवादा में दुर्गा पूजा पर पुलिस का एक्शन मोड, सोशल मीडिया से शराबियों तक पर पैनी नजर

नवादा में दुर्गा पूजा पर पुलिस का एक्शन मोड,

ड्रोन से होगी निगरानी, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, उपद्रवियों और जबरन चंदा वसूली करने वालों पर कसेगा शिकंजा, समाहरणालय में बनेगा खोया-पाया नियंत्रण कक्ष

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। दुर्गा पूजा में हुड़दंग मचाने, माहौल बिगाड़ने और नशे में उत्पात करने वालों की अब खैर नहीं! सोशल मीडिया पर भड़काऊ गतिविधियों से लेकर सड़कों पर उपद्रव तक, हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। शराब पीकर घूमने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच होगी, तो संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी की जाएगी। डीजे बजाने, जबरन चंदा वसूलने और नियमों को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नवादा जिला प्रशासन ने सुरक्षा का सख्त खाका तैयार कर लिया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, पूजा पंडालों की निगरानी और प्रतिमा विसर्जन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

ads

सोशल मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी

दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की निगरानी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। ड्रोन और वीडियोग्राफी के जरिए भी निगरानी की जाएगी, जबकि बाइकर्स की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना है। किसी भी तरह की भ्रामक या तनाव पैदा करने वाली गतिविधि सामने आने पर स्थिति के अनुसार विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

ads

शराबियों की होगी जांच, नशे में मिले तो कार्रवाई

त्योहार के दौरान नशे में उत्पात मचाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग को विशेष निर्देश दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक को ब्रेथ एनालाइजर के साथ कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। नशे की हालत में पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नियमित गश्ती के साथ संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

advertisment

डीजे बजाया तो कार्रवाई, रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद

प्रशासन ने डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जातिसूचक और अश्लील गाने बजाने पर भी रोक रहेगी। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी। पूजा पंडालों में राजनीतिक नारे, प्रतीक चिह्न, कार्टून या राजनीतिक संदेश प्रदर्शित करने पर भी रोक रहेगी। उल्लंघन करने वाली पूजा समितियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

ads

जबरन चंदा वसूली करने वालों पर कसेगा शिकंजा

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने का निर्देश दिया। जबरन चंदा वसूली की शिकायत वाले स्थलों को जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चिह्नित कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन के इंतजाम करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पानी एवं बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। एनएचएआई के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के पूजा पंडालों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

विसर्जन जुलूस पर भी सख्ती, बिना लाइसेंस नहीं मिलेगी अनुमति

प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर परिषद को कृत्रिम तालाब बनाने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रतिमाओं का विसर्जन केवल चिह्नित कृत्रिम तालाबों में ही होगा। अनुमंडल पदाधिकारियों को विसर्जन जुलूस के मार्ग का समय रहते भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है। बिना लाइसेंस जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। जुलूस में डीजे और अस्त्र-शस्त्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस को नो-एंट्री और प्रतिबंधित वाहनों के परिचालन पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

advertisement

दो प्रवेश, दो निकास द्वार; पंडालों में तैनात होंगे स्वयंसेवक

भीड़ नियंत्रण के लिए प्रत्येक पूजा पंडाल में दो प्रवेश द्वार और दो निकास द्वार बनाना अनिवार्य किया गया है। पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था, पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन प्रकाश की व्यवस्था करनी होगी। पूजा समितियों को स्वयंसेवकों के पहचान-पत्र जारी करने तथा आयोजकों एवं संबंधित पदाधिकारियों की सूची पंडाल में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सादे वस्त्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। ऊंचे स्थानों और भवनों की छतों से भी निगरानी की जाएगी।

भीड़ में बिछड़े बच्चों-बुजुर्गों की मदद करेगा खोया-पाया केंद्र

दुर्गा पूजा मेले में बच्चों और बुजुर्गों के परिजनों से बिछड़ने की आशंका को देखते हुए समाहरणालय परिसर में खोया-पाया नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थलों पर तैनात दंडाधिकारियों को पहचान संबंधी पर्चियां उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला पदाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों और बुजुर्गों की जेब में पूरा पता एवं मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि बिछड़ने की स्थिति में उन्हें परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिल सके।

मेडिकल टीम से पेयजल तक, श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर

श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए धर्मशीला मोड़, भगत सिंह चौक, समाहरणालय परिसर, सद्भावना चौक, प्रजातंत्र चौक और रजौली बस स्टैंड पर चिकित्सकों एवं मेडिकल टीमों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को झूलते बिजली के तार दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। कुल मिलाकर प्रशासन का साफ संदेश है कि दुर्गा पूजा आस्था और सौहार्द का पर्व है। शांति भंग करने, नशे में उत्पात मचाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page