नवरात्रि में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपित गिरफ्तार, घरों में छिपे मिले दो देसी हथियार

घरों में छिपे मिले दो देसी हथियार

नेमदारगंज के ननौरी गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट और फायरिंग मामले में नामजद आरोपित धराए, बाजार स्थित मकान से कट्टा तो गांव के घर से बरामद हुई देसी बंदूक

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। नवरात्रि के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज है। इसी क्रम में नेमदारगंज थाना क्षेत्र के ननौरी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर मारपीट और फायरिंग के मामले में नामजद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से दो देसी आग्नेयास्त्र भी बरामद किए हैं।

ads

इस कार्रवाई को त्योहार के दौरान अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ननौरी गांव निवासी जितेंद्र कुमार (50), पिता सिद्धेश्वर सिंह और मनोज यादव (45), पिता सुखदेव यादव के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी नेमदारगंज थाना कांड संख्या 400/26 के अनुसंधान के दौरान की गई।

ads

गद्दे के नीचे छिपा था देसी कट्टा, दीवान पलंग से निकली बंदूक

नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान ननौरी गांव में छापेमारी कर दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान हथियार छिपाकर रखने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बरामदगी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने सबसे पहले जितेंद्र कुमार के नेमदारगंज बाजार स्थित मकान की तलाशी ली।

advertisment

मकान के प्रथम तल पर एक कमरे में पलंग के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस आरोपितों को लेकर ननौरी गांव पहुंची, जहां जितेंद्र कुमार के घर के भू-तल पर स्थित कमरे में दीवान पलंग के अंदर बिछावन में लपेटकर रखी गई एक देसी बंदूक मिली। पुलिस ने दोनों हथियारों को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए।

ads

अवैध हथियार रखने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में कार्रवाई

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध अवैध हथियार रखने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

advertisement

नवरात्रि के दौरान इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार के बीच कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page