त्योहारों से पहले नवादा में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, खाद्य दुकानों की होगी जांच

डीएम रवि प्रकाश ने विशेष अभियान चलाने का दिया निर्देश, स्ट्रीट वेंडरों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के मानकों पर किया जाएगा प्रशिक्षित
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक आयोजित की गई। इसमें खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अनुचित व्यापार व्यवहार पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं के अधिकारों के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने के साथ ही उनके अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। भ्रामक विज्ञापनों पर नियंत्रण और अनुचित व्यापार व्यवहार पर रोक लगाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठे।

मिलावटखोरी रोकने के लिए चलेगा विशेष अभियान
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए डीएम ने खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बाजार में उपलब्ध खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध होनी चाहिए। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरी पर रोक लगाना और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।

डिजिटल धोखाधड़ी से लेकर अस्पतालों की लापरवाही तक पर चर्चा
बैठक में उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इनमें डिजिटल भुगतान में धोखाधड़ी, साइबर हैकिंग, नकली एवं मिलावटी सामान की बिक्री, सोना-चांदी की खरीद में धोखाधड़ी, मानकविहीन वस्तुओं की बिक्री, बीमा कंपनियों द्वारा भुगतान में देरी, बिजली बिल में गड़बड़ी और अस्पतालों में लापरवाही जैसे मामले शामिल रहे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के स्तर पर उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा प्रशिक्षण
खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने स्ट्रीट वेंडरों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके अलावा, संबंधित अधिकारियों को बाजार में सतत निगरानी रखने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।

स्कूल-कॉलेजों में भी बढ़ेगी जागरूकता
बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, माप-तौल विभाग के पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उपभोक्ता हितों के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

साथ ही छात्रावासों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रभारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

