पटना शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को लेकर नवादा में तैयारी तेज, डीएम ने कसी चुनावी व्यवस्था की कमान

 शिक्षक-स्नातक निर्वाचन

31 मतदान केंद्रों पर 17,578 मतदाता करेंगे मतदान, 23 अक्टूबर को वोटिंग; पारदर्शिता के लिए सभी केंद्रों पर होगी वीडियोग्राफी

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नवादा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

ads

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी, 6 अक्टूबर तक नामांकन, 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 9 अक्टूबर तक नाम वापसी, 23 अक्टूबर को मतदान तथा 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

advertisment

स्नातक निर्वाचन में 15,829, शिक्षक निर्वाचन में 1,749 मतदाता

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नवादा जिले में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 15,829 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 14 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 1,749 मतदाता मतदान करेंगे। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले में कुल 31 मतदान केंद्रों पर 17,578 मतदाता मतदान करेंगे।

ads

हर मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफी, निगरानी के लिए उड़नदस्ता

निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन संबंधी निर्देशों के अनुपालन की निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।

advertisement

बैठक में निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता और मतदान केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मतपेटिकाओं की छंटाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। फिलहाल मतपेटिकाओं की साफ-सफाई, तेल लगाने एवं रंग-रोगन का कार्य चल रहा है, ताकि मतदान से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें।

Ad

आचार संहिता के उल्लंघन पर रहेगी विशेष नजर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

उन्होंने सभी निर्वाचन कोषांगों को अपने-अपने निर्धारित दायित्वों के अनुरूप तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान एवं मतगणना की पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन-संपर्क पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी नवादा सदर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page