नीतीश कुमार के सम्मान में जदयू का दीपोत्सव, 11 दीप जलाकर कार्यकर्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश

सुशासन दिवस से पहले नवादा में जगमगाए दीप, 24 नवंबर को जिलेभर में होगा ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऐतिहासिक कार्यकाल और राज्य के विकास में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से सोमवार की शाम दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित इस दीपोत्सव के माध्यम से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने सर्वमान्य नेता के प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया।

पार्टी के निर्णय के अनुसार 23 नवंबर की शाम सभी स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अपने-अपने घरों, कार्यालयों की छतों, बालकनी और दरवाजों पर कम से कम 11 दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया गया था।

वहीं, सभी प्रखंड एवं जिला पार्टी कार्यालयों में कम से कम 101 तथा प्रदेश कार्यालय में 1001 दीप जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

जदयू नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उनके कार्यकाल में राज्य को नई दिशा और ऊर्जा मिली है तथा बिहार विकसित एवं समृद्ध राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

इसी ऐतिहासिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए पार्टी ने दीपोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि 24 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा।

दीपोत्सव के जरिए इस आयोजन को यादगार बनाने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता और उत्साह का संदेश देने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी, प्रदेश सचिव डॉ. सतीश कुशवाहा, युवा जदयू के प्रदेश सचिव राज अंजुम, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर भट्ट,

वरीय उपाध्यक्ष किशोरी सिंह, मीडिया प्रभारी तन्ने पठान, निजाम खान कल्लू, डॉ. रियाज खान, राजा भट्ट, अनिल कुमार मंडल, वरुण वर्मा, विपिन चौधरी, मनोरंजन लड्डू, ईश्वरी प्रसाद एवं विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


