नवादा में एनएच-20 पर खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौत

हड्डी गोदाम के समीप भीषण हादसे में तीन लोग घायल; घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, अस्पताल जाकर घायलों का जाना हाल
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर हड्डी गोदाम के समीप रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

मृतका की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगाई गांव निवासी शैलेश कुमार संजय की पत्नी अनीता चौधरी के रूप में की गई है।

घायलों में स्वर्गीय विजय चौधरी के पुत्र डॉ. राजीव रंजन, उनकी पत्नी माधुरी चौधरी तथा डॉ. राजीव रंजन की पत्नी स्मृति प्रसाद शामिल हैं। तीनों को हल्की चोटें आई हैं।

बताया जाता है कि सभी लोग कार से रांची से बिहारशरीफ जा रहे थे। इसी दौरान नवादा में हड्डी गोदाम के समीप सड़क किनारे खड़े कंटेनर में उनकी कार पीछे से जा भिड़ी। हादसे में अनीता चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिनव धीमान, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार और नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, एसपी ने नवादा सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचकर भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




