चीन की धरती पर भारत का मान बढ़ाकर लौटा नवादा का लाल, तिरंगे से हुआ पवन राज का शाही स्वागत

किंगदाओ में भारत की जर्सी पहनकर उतरे थे मैदान में, नवादा लौटते ही सैकड़ों खिलाड़ियों ने तिरंगा थाम निकाला विजय जुलूस; ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा पूरा शहर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। चीन के किंगदाओ में भारत का तिरंगा अपने सीने पर सजाकर एशिया रग्बी अंडर-18 सेवेंस चैंपियनशिप 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद नवादा लौटे युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज का बुधवार को ऐसा भव्य स्वागत हुआ कि पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। नवादा की धरती पर कदम रखते ही सैकड़ों खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अपने इस होनहार खिलाड़ी का जोरदार अभिनंदन किया।

ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच निकला विजय जुलूस लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। हाथों में लहराता तिरंगा, देशभक्ति के नारे और पवन राज के सम्मान में गूंजती आवाजों ने पूरे माहौल को जोशीला बना दिया। ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच निकला यह जुलूस नवादा जिला रग्बी संघ के सचिव विक्रम कुमार के नेतृत्व में कृष्णा प्रसाद खेल मैदान पहुंचा, जहां पवन राज का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

सीमित संसाधनों से चीन तक पहुंची प्रतिभा
नवादा के चुटकिया बीघा निवासी पवन राज ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर रग्बी के मैदान में पहचान बनाई। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय अंडर-18 टीम में जगह बनाना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर नवादा लौटना जिले के लिए गर्व का क्षण बन गया।

पवन राज के भारतीय टीम में चयन की खबर से ही नवादा के खेल जगत में उत्साह था। अब चीन से लौटने के बाद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने जिस अंदाज में उनका स्वागत किया, उसने उनकी उपलब्धि को यादगार बना दिया।

पवन राज की सफलता ने जगाई नई उम्मीद
जिला रग्बी संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने कहा कि पवन राज की उपलब्धि नवादा के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनकी सफलता ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन, अवसर और कड़ी मेहनत मिले तो नवादा की मिट्टी से निकला खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकता है।

स्वागत समारोह में खिलाड़ियों ने नवादा में रग्बी सहित अन्य खेलों को और मजबूत करने तथा जिले की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया।

तिरंगे के साये में यादगार हुआ स्वागत
कृष्णा प्रसाद खेल मैदान में तिरंगे की शान, खिलाड़ियों का जोश और देशभक्ति के नारों के बीच हुआ यह स्वागत समारोह नवादा के खेल इतिहास के यादगार पलों में शामिल हो गया। चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पवन राज के सम्मान में उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का संदेश भी दे गया कि जब नवादा का कोई लाल देश के लिए मैदान में उतरता है, तो पूरा नवादा उसके साथ खड़ा होता है।

ये खिलाड़ी और खेल पदाधिकारी रहे मौजूद
स्वागत समारोह में रग्बी खेल के तकनीकी पदाधिकारी संतोष कुमार वर्मा, खेलो इंडिया मिनी सेंटर के कोच मंजीत कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी चंदन कुमार, जूही कुमारी, कृति, डिफेंस अकादमी के कोच कीर्ति रंजन, कृष्णा यादव, काजल कुमारी, रोहित कुमार, गुलशन बाबू, इंद्रजीत, नंदनी, निशु, निजु, साधना, रवि, करण, रिशु, राहुल, रजनीश, चाहत, निशा, राधा, खुशबू, हेमा, मधु, राजीव, संजीव, मोहित, रमेश, रणवीर, दीपांशु, सुधांशु, शंकर, दिलखुश, नीरज, साहिल, अमन, सलोनी, प्रियंका, सुजीत, रिया, आयुष, बबलू, अंकित सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे और पवन राज को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी।

