मौत बनकर भिड़ीं दो बाइकें, ग्रामीण चिकित्सक सोनू की मौके पर मौत, दो दोस्त की हालत गंभीरदवा खरीदने धमौल बाजार जा रहे थे तीनों युवक, आमने-सामने की टक्कर में मौके पर थमी सोनू की सांसें, हादसे से परिवार में मचा कोहराम

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नवादा-जमुई पथ पर धमौल थाना क्षेत्र के रेवार मोड़ के समीप शुक्रवार की दोपहर दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के महुली थाना क्षेत्र के अफरडीह गांव निवासी नंदकिशोर चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। घायलों में इसी गांव के शैलेंद्र मिस्त्री के पुत्र मंजीत कुमार और लखींद्र मांझी के पुत्र रोहित कुमार शामिल हैं।

दवा खरीदने निकले थे तीनों दोस्त, रास्ते में काल बनकर आई टक्कर
जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार अपने गांव में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में लोगों का इलाज करता था। शुक्रवार की दोपहर वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से दवा खरीदने धमौल बाजार जा रहा था।

इसी दौरान रेवार मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही बुलेट बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी मंजीत कुमार और रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई, घायलों को भेजा अस्पताल
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही धमौल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। वहीं, दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

जवान बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
सोनू कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक के साथ परिवार ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी असमय मौत से घर में मातम पसरा है। उधर, अफरडीह गांव में भी हादसे की खबर से शोक का माहौल है।


