एमएलसी चुनाव को लेकर नवादा में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संभाली कमान

31 मतदान केंद्रों पर 17,578 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम; डीएम-एसपी ने बज्रगृह का भी लिया जायजा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर नवादा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने गुरुवार को प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।

31 केंद्रों पर 17,578 मतदाता करेंगे मतदान
नवादा जिले में पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 31 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदान केंद्रों पर 15,829 मतदाता, जबकि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 14 मतदान केंद्रों पर 1,749 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

मतदान केंद्रों पर स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश
ब्रीफिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी रवि प्रकाश ने निर्देश दिया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के साइनेज अलग-अलग और स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि मतदाताओं को अपने निर्धारित केंद्र की पहचान करने में परेशानी न हो। उन्होंने पीठासीन पदाधिकारियों को मतपत्रों को निर्धारित नियमों के अनुसार मोड़ने तथा बिना क्रमांक संख्या मुद्रित मतपत्र किसी भी परिस्थिति में मतदाताओं को जारी नहीं करने का निर्देश दिया।

डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने कहा कि निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रहेगी।

उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी संभालने और निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ अग्निशमन दल की उपलब्धता और जरूरत के अनुसार वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान और शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए समाहरणालय, नवादा के सभाकक्ष में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मतदाता एवं संबंधित लोग निर्वाचन से जुड़ी सूचना या शिकायत दूरभाष नंबर 06324-299948 पर दर्ज करा सकते हैं।

बज्रगृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
ब्रीफिंग के बाद डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नवादा स्थित पोल्ड मतपेटिका संग्रहण केंद्र (बज्रगृह) का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित सामग्री कोषांग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, स्थापना प्रभारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा सदर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

