त्योहारों से पहले नवादा पुलिस अलर्ट, नवादा पहुंचे आईजी ने कसी कानून-व्यवस्था की कमान

लंबित कांडों से लेकर वारंट-कुर्की तक की हुई समीक्षा, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी, अपराधियों और उपद्रवी तत्वों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर नवादा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र गयाजी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय नवादा के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इससे पूर्व पुलिस महानिरीक्षक के समाहरणालय आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में जिले की मौजूदा विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों, लंबित कांडों, वारंट, इश्तिहार, कुर्की तथा पुलिस गश्ती की स्थिति की समीक्षा की गई। आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा न्यायालय से संबंधित वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने और किसी भी संभावित स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया। समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

