स्वास्थ्य केंद्रों पर एक साथ चला एम्बुलेंस जांच अभियान, तीन एम्बुलेंस पर 29,800 रुपये का शमन

डीएम रवि प्रकाश के निर्देश पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, अवैध पार्किंग और नियमों के उल्लंघन पर कसा शिकंजा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में एम्बुलेंस के अनियमित परिचालन और परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर सोमवार की शाम जिले के सभी प्रखंडों के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक साथ विशेष एम्बुलेंस जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन एम्बुलेंस के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 29,800 रुपये की शमन राशि वसूल की गई।

अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने अपनी टीम के साथ सदर अस्पताल, नवादा में एम्बुलेंस की जांच की। जांच के दौरान अवैध पार्किंग, अनियमित परिचालन और अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों की बारीकी से पड़ताल की गई।

नियमों की अनदेखी पाए जाने पर तीन एम्बुलेंस के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

वहीं, जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ जांच अभियान चलाया।

इस दौरान एम्बुलेंस के परिचालन से संबंधित नियमों की जांच की गई और उल्लंघन करने वालों पर शमन की कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

एम्बुलेंस परिचालन में पारदर्शिता, अनुशासन और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले एम्बुलेंस संचालकों एवं चालकों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


