नवादा विधि महाविद्यालय में गूंजी तर्क और प्रतिभा की आवाज, हर्ष-पीयूष-रितेश की टीम ने जीता डिबेट का खिताब

दो दिवसीय एशियन पार्लियामेंटरी डिबेट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया वाक्-कौशल और तार्किक क्षमता, समापन समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नवादा विधि महाविद्यालय, नवादा में आईक्यूएसी के तत्वावधान में 18 एवं 19 सितंबर 2026 को दो दिवसीय एशियन पार्लियामेंटरी डिबेट प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, वाक्-कौशल, आलोचनात्मक चिंतन, नेतृत्व क्षमता तथा समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली ढंग से विचार रखने की क्षमता विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया, जिसमें प्रारंभिक चरण, सेमीफाइनल चरण एवं फाइनल चरण शामिल रहे। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों ने अपनी विषयगत समझ, तर्क शक्ति, विचारों की स्पष्टता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सेमीफाइनल एवं फाइनल चरण का निर्णयन श्री तोषबंत राज एवं श्री सुधांशु रंजन ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के तर्क, प्रस्तुति, विषय की समझ और संवाद-कौशल के आधार पर मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। प्रतिभागी टीमों में स्नेहा, अनुराधा एवं शहजाद आलम की टीम ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सलीम जावेद, एसोसिएट प्रोफेसर, पटना विश्वविद्यालय तथा डॉ. तामेश्वर नाथ, आईआईआईटी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी एवं विचारोत्तेजक संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की बेहतर दिशा तय करने तथा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.एन. मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। महाविद्यालय की सचिव श्रीमती कला देवी, डॉ. मनीष पंकज एवं डॉ. प्रियंका की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
आयोजन की सफलता में प्रतियोगिता की संयोजिका मिस समृद्धि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ सुश्री सपना राजमणि, डॉ. मिहिर कुमार, डॉ. श्याम किशोर मिश्रा, मेराज अहमद, डॉ. संजीव कुमार, शिव कुमार, अकील इमाम खान एवं संतोष कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम के सदस्य हर्ष कुमार, पीयूष एवं रितेश को उत्कृष्ट एवं विजयी प्रस्तुति के लिए बधाई दी गई। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, मेहनत और शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की।
यह आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, तार्किक चिंतन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और प्रभावशाली संवाद-कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

