नवादा में बड़ी वारदात की तैयारी? पुलिस को देखते ही बैग फेंक भागा युवक, अंदर मिला हथियारों का जखीरा!

दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, खोखा, बुलेट और तीन चाकू बरामद; पुलिस की भनक लगते ही अंधेरे में फरार हुआ राधे मांझी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में शनिवार की रात गश्त कर रही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस को देखते ही एक युवक पिठ्ठू बैग सड़क किनारे फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बुलेट और तीन चाकू बरामद हुए। हथियारों की बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जाता है कि शनिवार की रात करीब 10 बजे मिर्जापुर टीओपी में पदस्थापित पुलिसकर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ऑक्सफोर्ड स्कूल वाली गली से मिर्जापुर मुसहरी की ओर एक युवक पिठ्ठू बैग लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों की नजर पड़ते ही युवक अचानक भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने रास्ते में बैग फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर पड़े बैग को कब्जे में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस मिलने से पुलिस भी सकते में आ गई। बैग से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, गोली का आगे का हिस्सा यानी बुलेट तथा तीन चाकू बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, फरार युवक की पहचान मिर्जापुर निवासी युगल मांझी के पुत्र राधे मांझी के रूप में की गई है। पुलिस को आशंका है कि वह हथियारों के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण संभावित घटना से पहले ही हथियार बरामद कर लिए गए।

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद ने बताया कि फरार युवक की पहचान कर ली गई है। उसके विरुद्ध नगर थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।


