रंगदारी से ड्रग्स तक… नवादा पुलिस के शिकंजे में चढ़ा 16 मामलों का शातिर अपराधी

एसपी के निर्देश पर विशेष टीम की बड़ी कार्रवाई, 31 पुड़िया ब्राउन शुगर, ₹7,200 नकद और मोबाइल बरामद; एनडीपीएस एक्ट में भी दर्ज हुआ नया मामला

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा पुलिस ने अपराध और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगदारी, मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर (31 पुड़िया), एक मोबाइल फोन और 7,200 सौ रूपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को नारदीगंज थाना में रंगदारी की मांग, मारपीट एवं हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला दर्ज कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और लगातार छापेमारी शुरू की गई। इसी दौरान 12 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बनगंगा के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना लाकर पूछताछ और विधिसम्मत तलाशी के दौरान उसके पास से 31 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन तथा 7,200 सौ रूपये नकद बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बरामद मादक पदार्थ के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में अलग से प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार यादव पहले से ही पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में CCA-12 की कार्रवाई हो चुकी है तथा उसके नाम पर कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नवादा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page