नवादा में रफ्तार का तांडव! बाइक-ऑटो की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत, पहचान में जुटी पुलिस

SH-82 पर नेबाजगढ़ के पास दर्दनाक हादसा, टक्कर इतनी जबरदस्त कि दोनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही तोड़ा दम; तेज रफ्तार पर प्रशासन की चुप्पी फिर सवालों के घेरे में

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की दोपहर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के एसएच-82 बाघीबरडीहा-मोकामा पथ पर नेबाजगढ़ गांव के समीप बाइक और ऑटो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

समाचार लिखे जाने तक दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार शाहपुर मोड़ की ओर से वारिसलीगंज आ रहे थे। इसी दौरान नेबाजगढ़ गांव के पास स्थित टर्निंग प्वाइंट पर विपरीत दिशा से आ रही ऑटो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

रफ्तार बन रही मौत की वजह

नवादा में लगातार तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और बिना लाइसेंस के ड्राइविंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page