ससुराल से लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत के बाद दोनों अज्ञात शवों की हुई पहचान, कौन थे दोनों युवक, पढ़ें पूरी खबर
वारिसलीगंज के नेबाजगढ़ के पास टेम्पू और बाइक की भीषण टक्कर में गई थी जान, सदर अस्पताल में परिजनों ने की पहचान, गांव में पसरा मातम!
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के नेबाजगढ़ गांव के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों अज्ञात युवकों की पहचान हो गई है। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शवों की शिनाख्त करते ही चीख-पुकार मच गई। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से कादिरगंज थाना क्षेत्र के दुलम बिगहा गांव में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान दुलम बिगहा गांव निवासी अशोक रविदास के 24 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार तथा सहदेव मांझी के 35 वर्षीय पुत्र अनिल मांझी के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि दोनों युवक शेखपुरा जिला के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र स्थित निमी गांव में अपने ससुराल गए थे। सोमवार को बाइक से अपने गांव लौटने के दौरान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के नेबाजगढ़ गांव के समीप एक तेज रफ्तार टेम्पू ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पहले शवों की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने दोनों की पहचान की। सदर अस्पताल में शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, दुलम बिगहा गांव में दो युवकों की एक साथ मौत की खबर से शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि दोनों घर लौटने की खुशी लेकर निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

