मजदूर बुलाने गया था युवक, शराब कारोबार की सूचना देने के शक में बना निशाना; गंभीर हालत में पटना रेफर, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मजदूर बुलाने निकले एक युवक को इस कदर पीटा गया कि उसकी एक आंख फोड़ दी गई, जबकि मौके पर वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां, फिर विम्स पावापुरी और अंततः बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर करना पड़ा। एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि घायल युवक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक की पहचान रोहुआ निवासी प्रदीप गुप्ता के पुत्र सूरज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

वह शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में खाना बनाने का काम करता है। घटना के दिन वह अपने काम के लिए मजदूर बुलाने गांव के महादलित टोला गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित की पत्नी पूजा कुमारी ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके पति पर यह कहते हुए हमला किया कि “तुम हमारे दारू बेचने की सूचना पुलिस को देते हो।” इसके बाद बेरहमी से मारपीट कर उसकी एक आंख फोड़ दी गई। हद तो तब हो गई जब युवक मदद की गुहार लगा रहा और वहां मौजूद लोग उसे बचाने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। यदि समय रहते किसी ने साहस दिखाया होता, तो शायद उसकी आंख बचाई जा सकती थी।

थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नामजद आरोपी बासुदेव मांझी उर्फ भगत और राकेश मांझी उर्फ राजेश मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह घटना सिर्फ एक युवक पर हमला नहीं, बल्कि समाज के सामने यह बड़ा सवाल भी खड़ा करती है कि जब किसी की जान और जिंदगी पर बन आती है, तब क्या हम सिर्फ तमाशबीन बनकर रह जाएंगे?


Recent Comments