नवादा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ एमएलसी चुनाव, स्नातक में 64.72% तो शिक्षक निर्वाचन में 84.09% मतदान

डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने कई मतदान केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान के लिए प्रशासन रहा मुस्तैद
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नवादा जिले में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो गई। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 64.72 प्रतिशत, जबकि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 84.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।

मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान की स्थिति, विधि-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए चुनाव कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने पकरीबरावां प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 112 एवं 72, वारिसलीगंज प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 110, 109 एवं 70 तथा नारदीगंज प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 104 एवं 67 का निरीक्षण किया।

इसके अलावा हिसुआ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 68 एवं 105, अनुमंडल कार्यालय नवादा सदर स्थित मतदान केंद्र संख्या 106 एवं 107 तथा जिला परिषद स्थित मतदान केंद्र संख्या 108 सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार मतदान को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। वहीं, पुलिस प्रशासन भी विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सतर्क रहा। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रियता से जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। संयुक्त निरीक्षण के दौरान गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

