5700 में बिका नवादा का ‘बाजीगर’ यीशु कुमार, NPL की नीलामी में मचा रोमांच!

150 खिलाड़ियों के ट्रायल के बाद 6 टीमों ने चुने अपने 15-15 धुरंधर, महीने के अंत में हरिशचंद्र स्टेडियम में होगा क्रिकेट का महामुकाबला
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिला क्रिकेट संघ, नवादा के तत्वावधान में नवादा के हरिशचंद्र स्टेडियम में युवा क्रिकेटरों के लिए आयोजित होने वाली नवादा प्रीमियर लीग (NPL) को लेकर खिलाड़ियों की रोमांचक नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। नीलामी में जिले की छह टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खिलाड़ियों पर बोली लगाकर अपनी-अपनी टीम को मजबूत किया।

नीलामी में नवादा के यीशु कुमार सबसे महंगे खिलाड़ी बने, जिन्हें नवादा स्टार्स ने 5700 रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। यीशु कुमार बिहार का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। वहीं मनीष कुमार और रेहान अंजर को 4700-4700 रुपये की बोली मिली।

इसके अलावा योगेश पटेल को 4200 रुपये, सचिन गुप्ता को 4000 रुपये, जबकि अनुराग आनंद और आरुष समेत अन्य खिलाड़ियों पर भी टीमों ने जमकर बोली लगाई। खिलाड़ियों को अपने पाले में करने के दौरान टीम मालिकों और कप्तानों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

6 टीमों के बीच होगी क्रिकेट की जंग
नवादा प्रीमियर लीग में नवादा राइडर्स, नवादा टाइटंस, नवादा स्टार्स, नवादा किंग्स, नवादा बैरियर्स और नवादा रॉयल्स की टीमें मैदान पर एक-दूसरे को चुनौती देंगी। प्रत्येक टीम को 25 हजार रुपये की निर्धारित राशि के भीतर खिलाड़ियों का चयन करना था। सभी छह टीमों ने सफलतापूर्वक 15-15 खिलाड़ियों का चयन किया।

150 खिलाड़ियों ने दिया था ट्रायल
NPL में खिलाड़ियों के चयन के लिए चार दिन पूर्व नवादा के रजिस्ट्रेशन स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 150 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया और इसके बाद नीलामी के जरिए उन्हें अलग-अलग टीमों में शामिल किया गया।

महीने के अंत में होगा महामुकाबला
नवादा प्रीमियर लीग का बहुप्रतीक्षित मुकाबला सितंबर महीने के अंत तक हरिशचंद्र स्टेडियम, नवादा में शुरू होने की संभावना है। युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए यह लीग बड़ा मंच साबित होगी।

नीलामी में ये रहे मौजूद
नीलामी प्रक्रिया के दौरान बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के मैनेजर मनीष आनंद, खिलाड़ियों के प्रतिनिधि मनीष कुमार गोविंद, चयनकर्ता विकास कुमार एवं सुभाष प्रसाद, तथा राज्य स्तरीय पैनल अंपायर श्यामदेव कुमार, सुमन सौरभ, अजय कुमार और रोनित मौजूद रहे।

नीलामी में विभिन्न टीमों के मालिकों ने भी हिस्सा लिया। इनमें नवादा टाइटंस की ओनर निशा कुमारी, नवादा राइडर्स के डॉ. महेश कुमार, नवादा स्टार्स के दिनेश कुमार, नवादा किंग्स के ओनर विवेक कुमार, नवादा बैरियर्स के ओनर सूरज कुमार और नवादा रॉयल्स के ओनर सुभाष कुमार शामिल रहे। अब निगाहें हरिशचंद्र स्टेडियम पर टिकी हैं, जहां जल्द ही युवा क्रिकेटरों का चौके-छक्कों और रोमांच से भरपूर महामुकाबला देखने को मिलेगा।

