दुख की घड़ी में पीड़ित मां का सहारा बने श्रवण कुशवाहा, आर्थिक मदद देकर सरकार से भी की बड़ी अपील

कादिरगंज हत्याकांड से टूटे परिवार तक पहुंचे RJD के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा, स्वरोजगार के लिए दिया सहयोग, कहा— पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और दोषी को स्पीडी ट्रायल के जरिए मिले कड़ी सजा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। कादिरगंज की चर्चित हत्याकांड पीड़ित मुन्नी देवी के परिवार के लिए उस समय उम्मीद की एक किरण नजर आई, जब नवादा लोकसभा के पूर्व RJD प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा उनके घर पहुंचे। हाल ही में हुए दर्दनाक घटनाक्रम के बाद गहरे सदमे और आर्थिक संकट से जूझ रही पीड़ित मां को उन्होंने आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

श्रवण कुशवाहा ने मुन्नी देवी से कहा कि वे इस राशि से कोई छोटा व्यवसाय शुरू करें, ताकि परिवार के भरण-पोषण का स्थायी साधन बन सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुन्नी देवी बेहद गरीब हैं और अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए गांव-गांव घूमकर सामान बेचती हैं। ऐसे कठिन समय में समाज के सक्षम लोगों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को आगे बढ़कर इस परिवार की मदद करनी चाहिए।

श्रवण कुशवाहा ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने इस जघन्य मामले की स्पीडी ट्रायल के जरिए सुनवाई कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि मानवता का तकाजा है कि ऐसे संकट में समाज पीड़ित परिवार का संबल बने और सरकार भी संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page