नवादा में गांजा के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो गिरफ्तार

भदौनी शाह टोली में छापेमारी कर करीब 3 किलो गांजा बरामद, नगर थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार धंधेबाजों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा नगर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह के अनुसार, पुलिस ने भदौनी शाह टोली में छापेमारी कर गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ नगर थाना में NDPS एक्ट के तहत कांड संख्या 943/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भदौनी शाह टोली में कुछ लोगों द्वारा अपने घरों से गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 65 वर्षीय समदु शाह उर्फ शमीम शाह तथा 35 वर्षीय मिस्टर शाह को गिरफ्तार किया गया।

दो ठिकानों से करीब 3 किलो गांजा बरामद
पुलिस के मुताबिक, पहले ठिकाने की तलाशी के दौरान 890 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजा पैक करने में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथीन सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया।

इसके बाद दूसरे ठिकाने पर की गई तलाशी में 2 किलो 66 ग्राम गांजा बरामद हुआ। यहां से भी गांजा पैक करने वाली पॉलीथीन, तराजू और अन्य सामान पुलिस ने जब्त किया।

इस तरह दोनों स्थानों से पुलिस ने कुल 2 किलो 956 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ को विधिवत जब्ती सूची में शामिल करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक में भेज दिया है।

बता दें कि गिरफ्तार उक्त धंधेबाजों द्वारा अपने किराना के दुकान में गांजा बेचने का काम किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि 65 वर्षीय समदु शाह उर्फ शमीम शाह पर पूर्व से गांजा तस्करी का आरोप है।

NDPS एक्ट में दर्ज हुआ केस
नगर थाना इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि मामले में कांड संख्या 943/26 दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भदौनी शाह टोली में गांजा के कथित अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

