HomeBreaking Newsएक फोन कॉल... और खाते से...

एक फोन कॉल… और खाते से उड़ जाते थे पैसे! नवादा पुलिस ने साइबर ठगों के गैंग का किया पर्दाफाश

वारिसलीगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार; 4 एंड्रॉयड मोबाइल, कस्टमर डेटा बरामद, फर्जी लोन के नाम पर चल रहा था ठगी का नेटवर्क

Report by Nawada News Xpress/ नवादा/ सूरज कुमार

नवादा। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वारिसलीगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ग्राहकों की निजी जानकारी से संबंधित कस्टमर डेटा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को विशेष टीम ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित अडानी सीमेंट फैक्ट्री से लगभग 50 मीटर पूर्व नीम के पेड़ के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीनों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्रोतों से ग्राहकों का मोबाइल नंबर, नाम और अन्य व्यक्तिगत जानकारी जुटाकर उनसे संपर्क करते थे तथा आसान लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोरमा गांव निवासी सन्नी कुमार (28 वर्ष), रविरंजन कुमार (29 वर्ष) तथा सिमरी बिगहा निवासी नीरज कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

तीनों वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पन्ने का कस्टमर डेटा बरामद किया है, जिसमें कई ग्राहकों की महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज थीं। इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 501/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस का दावा है कि पूछताछ में साइबर ठगी के कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page