लोहे की रॉड से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट, पूरे बाजार में मचा हड़कंप, आगजनी कर ग्रामीणों ने जाम की सड़क, पुलिस के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, तीन हिरासत में, सात पर केस दर्ज, एसपी समेत आला अधिकारी कैंप कर संभाल रहे हालात
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित नारदीगंज बाजार में मंगलवार की रात उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब महज 10 रुपये के लेनदेन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दुकानदार द्वारा लोहे की रॉड से किए गए हमले में 31 वर्षीय दीपू लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में गुस्सा फूट पड़ा।

युवक की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आगजनी कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। घटना के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी अनुसार नारदीगंज निचली बाजार निवासी प्रदीप लाल का पुत्र दीपू लाल दालमोट खरीदने एक दुकान पर गया था। 20 रुपये देने के बाद बाकी 10 रुपये को लेकर विवाद शुरू हुआ और आरोप है कि दुकानदार ने गुस्से में लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में पहले नारदीगंज सीएचसी और फिर पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है तथा सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौके पर एसपी अभिनव धीमान, सदर एसडीओ अमित अनुराग, सदर एसडीपीओ-2 राहुल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ शांति समिति की बैठक कर हालात सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पूरे इलाके में पुलिस लगातार गश्ती कर रही है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।


Recent Comments