शिक्षक बनने की पहली उड़ान: डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं का अभ्यास पाठ शुरू, विद्यालयों के लिए हुए रवाना

मॉडर्न शैक्षणिक समूह से हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, डॉ. शैलेश कुमार ने अनुशासन, नवाचार और उत्कृष्ट अध्यापन का दिया संदेश, बोले— विद्यालयी अनुभव ही शिक्षक की गढ़ता है असली पहचान

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। डी.एल.एड. सत्र 2025–27 के प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं को अभ्यास पाठ (टीचिंग प्रैक्टिस) कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न विद्यालयों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त समारोह में प्रशिक्षुओं को प्रभावी एवं अनुशासित अध्यापन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मॉडर्न शैक्षणिक समूह के सचिव एवं एसोसिएशन ऑफ टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशंस, पटना (बिहार) के महासचिव डॉ. शैलेश कुमार ने कहा कि अभ्यास पाठ शिक्षक-प्रशिक्षण का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से प्रशिक्षुओं को विद्यालयी वातावरण में शिक्षण-कौशल, कक्षा-प्रबंधन, विद्यार्थियों से संवाद तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से समयपालन, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट आचरण के साथ महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अभ्यास पाठ भविष्य के कुशल, संवेदनशील और उत्तरदायी शिक्षक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से विद्यालयों में सकारात्मक सोच, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा नैतिक मूल्यों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक मुन्नी कुमारी, सलमा प्रवीण एवं रवि राय चन्द्र ने भी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अभ्यास पाठ के लिए पूजा, कंचन, रम्भा, रिद्धि, नीलू, सुप्रिया, दीक्षा, सबा, बंटी, रूपा, वैष्णवी, सायका, संजना, सिंकू, बिन्दु, केशवा, तबस्सुम, निभा, कृतिका, निक्की, आकांक्षा, वीणा, सिम्पी, निशा, गुड़िया, सकीना, गिन्नी, रीना, गोल्डन, प्रीति, काजल, नेहा, रूही, पम्मी, बिरेन्द्र, दीपक तथा पिंटू सहित अन्य प्रशिक्षुओं को उनके निर्धारित विद्यालयों के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने प्रशिक्षुओं को हरी झंडी दिखाकर उनके अभ्यास विद्यालयों के लिए रवाना किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page