HomeBreaking News₹3.5 लाख की स्प्रिट से भरी...

₹3.5 लाख की स्प्रिट से भरी बोलेरो पिकअप धराया, बॉर्डर पर उत्पाद विभाग का बड़ा ‘ऑपरेशन’ सफल

गोविंदपुर चेकपोस्ट पर 2415 लीटर कच्ची स्प्रिट बरामद, झारखंड का चालक गिरफ्तार; पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क की तलाश तेज

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार 

नवादा। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में बिहार-झारखंड सीमा स्थित गोविंदपुर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाई जा रही 2415 लीटर कच्ची स्प्रिट बरामद की है। कार्रवाई के दौरान स्प्रिट से लदी बोलेरो पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती पूछताछ में ऐसे संकेत मिले हैं कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

उत्पाद अधीक्षक गणेश चन्द्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 35-35 लीटर के 69 गैलन, यानी कुल 2415 लीटर कच्ची स्प्रिट बरामद हुई। जब्त स्प्रिट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.5 लाख रूपये से 3.5 लाख रुपये तक आंकी गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत चास थाना क्षेत्र स्थित इस्पात कॉलोनी निवासी जीतेन्द्र शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ में उसने बताया कि वाहन उसे झारखंड के इसरी निवासी रौशन चौधरी ने दिया था और नवादा हाईवे पर किसी व्यक्ति को यह वाहन सौंपने का निर्देश मिला था। उत्पाद विभाग ने स्प्रिट, वाहन और चालक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पूछताछ और जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page