प्रतिभा खोज परीक्षा में चमके नवादा के 380 होनहार, सांसद अभय कुशवाहा ने किया सम्मानित

बंधन पैलेस में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, कुशवाहा छात्रावास निर्माण के लिए सांसद मद से 25 लाख रूपये देने की घोषणा, शिक्षकों व प्रबुद्धजनों को भी मिला सम्मान
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिला मुख्यालय के गोनावां स्थित बंधन पैलेस के प्रांगण में रविवार को अखिल भारतीय मौर्य शिक्षक शिक्षा मंच, नवादा के तत्वावधान में प्रतिभा खोज परीक्षा के विजयी प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर के 380 सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतिभावान शिक्षकों एवं प्रबुद्ध व्यक्तियों को भी अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मंच के राष्ट्रीय संयोजक सह औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने की दिशा में मंच की यह पहल सराहनीय ही नहीं, बल्कि अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को प्रोत्साहन मिलने के साथ अपनी शैक्षणिक क्षमता का भी आकलन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने असफल प्रतिभागियों से और बेहतर तैयारी करने तथा सफल बच्चों से मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ने की अपील की।

इसी दौरान सांसद अभय कुशवाहा ने कुशवाहा छात्रावास निर्माण के लिए सांसद मद से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में सांसद की पत्नी सह मंच की राष्ट्रीय महासचिव अंजलि भारती ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब घर की चारदीवारी तक सीमित न रहकर सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़कर नया अध्याय जोड़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर राजकीय शिक्षक सम्मान-2024 से सम्मानित संतोष कुमार वर्मा, वर्ष 2025 में सम्मानित डॉ. विनीता प्रिया तथा वर्ष 2026 में सम्मानित निकिता भारती को भी मंच की ओर से अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत आगंतुक अतिथियों के सम्मान में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद मंच के पदाधिकारियों ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के संरक्षक रामकिशन महतो ने की, जबकि संचालन नागेंद्र प्रसाद एवं दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

मौके पर मुखिया शैलेन्द्र महतो, विजय कुमार, विनोद कुमार, राजकुमार कुशवाहा, अविनाश कुमार निराला, अंशुमाला, रविकांत कुमार, राजेश कुमार, अरुण कुमार मौर्या, गौतम कुमार, एमके सिन्हा, जितेंद्र कुमार कंचन, कार्यानन्द सिन्हा, विष्णुदेव प्रसाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

