मध्यस्थता से सुलझेंगे विवाद, नवादा में मेडिएटर चयन की प्रक्रिया शुरू

एक दिवसीय इंटरेक्शन कार्यक्रम में अधिवक्ताओं से संवाद, चयन के बाद शुरू होगा विशेष प्रशिक्षण
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर नवादा न्यायमंडल में मेडिएटर के चयन को लेकर सोमवार को एक दिवसीय इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। व्यवहार न्यायालय, नवादा के कॉन्फ्रेंस रूम, लाइब्रेरी हॉल में आयोजित कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री आशुतोष कुमार झा के निर्देश एवं सचिव श्री अरविन्द कुमार के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

इस दौरान नवादा न्यायमंडल के अधिवक्ताओं की उपस्थिति में मेडिएटर के रूप में चयनित किए जाने वाले अधिवक्ताओं के साथ इंटरेक्शन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला अधिवक्ता संघ से चयनित अधिवक्ताओं के लिए मेडिएटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से आम लोगों को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही ऐसे सुलहनीय मामलों का समाधान आपसी सहमति और समझ-बूझ के आधार पर कराने पर जोर दिया जाएगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार झा ने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से उन मामलों के शीघ्र निष्पादन में मदद मिलेगी, जिनमें आपसी समझौते की पर्याप्त संभावना है। पंचायत स्तर पर भी सुलहनीय मामलों में दोनों पक्षों की सहमति एवं आपसी समझ-बूझ के आधार पर समाधान का रास्ता तैयार किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि मेडिएटर प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिवक्ताओं को मध्यस्थता की प्रक्रिया और उसकी विभिन्न तकनीकों से दक्ष बनाना है। प्रशिक्षित मेडिएटर दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। इससे न्यायालयों में लंबित सुलहनीय मामलों के त्वरित निष्पादन में भी सहायता मिलेगी।


