नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : स्कूली छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में प्रिंसिपल गिरफ्तार

महिला अधिकारी और अभया ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए; बेहतर अनुसंधान के लिए एसआइटी गठित
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नगर थाना क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय की छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। छात्राओं द्वारा स्कूल परिसर में छेड़खानी का आरोप लगाए जाने के बाद नवादा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मध्य विद्यालय की छात्राओं ने स्कूल परिसर में छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। महिला पदाधिकारी के साथ अभया ब्रिगेड टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों से भी जानकारी ली।

पुलिस ने पीड़ित छात्रा के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी अवलोकन किया गया, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रधानाध्यापक महेश कुमार यादव, पिता रामकिशुन प्रसाद यादव, निवासी विशुनपुर थाना गोविंदपुर, जिला नवादा को पुलिस हिरासत में लेकर थाना परिसर लाया गया। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्राओं को महिला पदाधिकारी के संरक्षण में सदर अस्पताल नवादा ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई गई। जांच के बाद पीड़ित छात्राओं का न्यायालय में धारा 183 BNSS के तहत बयान भी दर्ज कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य बिंदुओं पर अनुसंधान जारी है।

बेहतर अनुसंधान के लिए एसआईटी गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवादा ने बेहतर अनुसंधान के लिए डीएसपी स्पेशल क्राइम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
नवादा पुलिस ने आमजनों और छात्राओं से अपील की है कि छेड़खानी अथवा यौन उत्पीड़न से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर ‘पुलिस दीदी’ और ‘अभया ब्रिगेड’ जैसी पहलों के माध्यम से स्कूलों और महिलाओं के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की बात कही है।

