HomeBreaking Newsएनएच-20 पर फिर बिछी मौत की...

एनएच-20 पर फिर बिछी मौत की कहानी: सिपाही बनने निकले 4 युवकों को रौंद गई तेज रफ्तार, एक की मौके पर मौत

दौड़ की तैयारी कर रहे युवकों पर काल बनकर टूटा अज्ञात वाहन; 3 गंभीर घायल, एक पटना रेफर—गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-20 किया जाम

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले में सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की वाहन जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार को अकबरपुर थाना क्षेत्र के रजौली-बख्तियारपुर एनएच-20 पर शेखपुरा मोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे चार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल शिवम कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहीं प्रिंस कुमार और राजा कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि शिवम और प्रिंस सगे भाई हैं।

सिपाही बनने का सपना, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी

जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी राजेन्द्र सिंह का पुत्र गौरव कुमार अपने तीन साथियों के साथ हुड़राही खेल मैदान में दौड़ने गया था। सभी युवक सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे थे। अभ्यास के बाद चारों युवक वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शेखपुरा गांव के समीप तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि गौरव कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं नवीन सिंह के पुत्र शिवम कुमार, राजा कुमार और उदय सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुआ चालक

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अलका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सिपाही बनने की तैयारी कर रहा था गौरव, घर पहुंची मौत की खबर

गौरव की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे से स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-20 को जाम कर दिया और हादसे के जिम्मेदार वाहन एवं चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समाहरणालय के पास जांच के नाम पर होती है खानापूर्ति, एनएच-20 पर सवाल

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन जांच अभियान समाहरणालय के पास तक सीमित दिखाई देता है, जबकि एनएच-20 जैसे व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। मंगलवार का हादसा एक बार फिर इस सवाल को सामने खड़ा कर गया है कि आखिर तेज रफ्तार पर लगाम कब लगेगी और एनएच-20 पर मौत का यह सिलसिला कब थमेगा?

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page