शराबबंदी के बाद अब गांजे का महाखेल! नवादा बॉर्डर पर ₹3 करोड़ की खेप जब्त, तस्करों के बड़े नेटवर्क का खुलासा शुरू

झारखंड से पटना जा रहा था 280 किलो गांजा, कंटेनर के गुप्त तहखाने से मिली खेप, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, अब पूरे सिंडिकेट पर उत्पाद विभाग की नजर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद नशीले पदार्थों की तस्करी लगातार नए-नए तरीके से बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में बिहार-झारखंड सीमा पर नवादा जिले के रजौली स्थित चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹3 करोड़ मूल्य के 279.87 किलो गांजा के साथ पंजाब के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा मिनी कंटेनर ट्रक के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर पटना भेजा जा रहा था। उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देशन एवं इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पंजाब नंबर PB10FF8269 मिनी कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के पिछले हिस्से में बने सीक्रेट चैंबर से 27 पैकेट बरामद हुए।

प्रत्येक पैकेट में करीब 10.5 किलो गांजा था। कुल 279.87 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹3 करोड़ आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। अभियान में एएसआई विश्वजीत कुमार सिंह, एएसआई पंकज कुमार तथा उत्पाद बल एवं गृहरक्षक जवानों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पंजाब के लुधियाना स्थित मोतीनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार एवं अरविंद कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप झारखंड के हजारीबाग से लोड की गई थी और इसे पटना जीरो माइल में दूसरे तस्करों तक पहुंचाना था। उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पूछताछ जारी है।

शराबबंदी के बाद ‘सूखे नशे’ की चुनौती

अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी के बाद गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयास बढ़े हैं। इसी वजह से चितरकोली समेकित जांच चौकी पर 24 घंटे सघन निगरानी रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page