जनगणना-2027 की तैयारी तेज, अधिकारियों को मिला सख्त निर्देश; कोई घर न छूटे, कोई व्यक्ति न छूटे

डीएम रवि प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर दो दिवसीय प्रशिक्षण का किया शुभारंभ, समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित गणना पूरी कराने पर दिया जोर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। दूसरे चरण की जनगणना को लेकर शुक्रवार को जिला परिषद कार्यालय स्थित सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी रवि प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना के दौरान कोई भी घर या व्यक्ति गणना से छूटने नहीं पाए। पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर और त्रुटिरहित तरीके से पूरी कराई जाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएम ने उपस्थित जिलास्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन में प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी की भूमिका बेहद अहम है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने जनसंख्या परिगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना की प्रक्रिया सुव्यवस्थित होनी चाहिए। इसके लिए पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी उत्पन्न न हो।

मास्टर प्रशिक्षकों ने दी जनगणना की बारीकियों की जानकारी
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय से पहुंचे मास्टर प्रशिक्षक संजीव पाठक एवं उत्कर्ष कुमार द्वारा जिलास्तरीय और चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के तरीके बताए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सुचारु, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।

मौके पर गोपनीय शाखा प्रभारी, निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न जिलास्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मी मौजूद थे।


