घर से निकली थी कलम लेने, अगली सुबह मिला मासूम का शव, पाकरीबरावां की घटना से दहला नवादा

परिजनों ने गंभीर आशंका जताई, आक्रोशित ग्रामीणों ने नवादा-जमुई पथ किया जाम; एसपी ने घटनास्थल पहुंचकर जांच के दिए निर्देश, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड जुटा रहा साक्ष्य

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल लखनपुरा गांव बल्कि पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। जानकारी अनुसार, पकरीबरावां थाना क्षेत्र के धेवधा कॉलेज के समीप लखनपुरा गांव निवासी अवधेश साव की आठ वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी, जो मध्य विद्यालय डोला में कक्षा तीन की छात्रा थी, सोमवार की शाम घर से गांव की एक दुकान पर कलम लेने गई थी। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह घर से करीब 500 मीटर पश्चिम पइन (जलधारा) के समीप उसका शव बरामद हुआ।

शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों तथा सीपीआई कार्यकर्ताओं ने बच्ची के शव को पकरीबरावां-वारिसलीगंज मोड़ पर रख नवादा-जमुई मुख्य मार्ग को कई घंटों तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया। इस दौरान सड़क जाम को समाप्त कराने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी तथा स्थानीय थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले के त्वरित एवं निष्पक्ष अनुसंधान का निर्देश दिया।

पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन शुरू कराया है। साथ ही अपराधियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है। घटनास्थल से मिले सभी भौतिक साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि सुबह बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करना आवश्यक है। फिलहाल पूरे गांव में शोक, पीड़ा और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों की एक ही मांग है कि घटना का जल्द से जल्द खुलासा हो और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page