24 घंटे में नवादा पुलिस का बड़ा खुलासा! 8 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार, एसपी बोले- स्पीडी ट्रायल से दिलाएंगे फांसी जैसी कठोर सजा
दुकान से घर लौट रही थी मासूम, सुनसान खेत में ले जाकर दुष्कर्म के बाद मुंह में मिट्टी भरकर और गला दबाकर की गई हत्या, तकनीकी जांच और एसआईटी की कार्रवाई से आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले को झकझोर देने वाले 8 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या कांड का नवादा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अभिनव धीमान ने पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने कहा कि इस हैवानियत को अंजाम देने वाले आरोपी को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाई जाएगी ताकि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के लिए कड़ा संदेश जाए।
दुकान से लौट रही थी मासूम, रास्ते से उठा ले गया था दरिंदा
एसपी ने बताया कि 27 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे मासूम बच्ची दुकान से निमकी और पेन खरीदकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए उसे सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने व साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके मुंह में मिट्टी भर दी तथा गला दबाकर निर्मम हत्या कर शव को खेत में फेंककर फरार हो गया।

सुबह खेत में मिला शव, पूरे इलाके में मच गया था हड़कंप
घटना के बाद परिजनों ने 27 जुलाई को पकरीबरावां थाना में बच्ची के अपहरण और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने कांड संख्या- 336/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अगले दिन 28 जुलाई की सुबह धेवधा कॉलेज के समीप एक खेत से बच्ची का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी तकनीकी जांच से 24 घंटे में खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी वितन मांझी के 22 वर्षीय पुत्र रघुनंदन मांझी उर्फ तेतयी मांझी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में टूट गया आरोपी, कबूल किया पूरा जुर्म
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। आरोपी के इकबालिया बयान के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसपी का ऐलान- स्पीडी ट्रायल से मिलेगी कठोर सजा
प्रेस वार्ता में एसपी अभिनव धीमान ने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य अपराध के आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है। मौके पर पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, संबंधित थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

