रजौली में 200 संदिग्ध लोगों की मौजूदगी का दावा, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस ने शुरू किया सत्यापन अभियान

बिना दस्तावेज किराये पर रहने का आरोप, समाजसेवी ने जताई बांग्लादेशी घुसपैठ की आशंका; मुर्शिदाबाद, मालदा और आसनसोल से जुड़े मिले कई लोग

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल, घसियाडीह समेत कई मुहल्लों में करीब 200 संदिग्ध लोगों के रहने के दावे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय समाजसेवी वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि बड़ी संख्या में लोग बिना वैध पहचान पत्र के किराये के मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इनके दस्तावेजों की गहन जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वीरेंद्र सिंह के अनुसार पिछले एक सप्ताह से कुछ लोग खराब मोबाइल के बदले बर्तन तथा महिलाओं के बाल लेकर अन्य सामान देने का काम कर रहे थे।

इसी गतिविधि पर संदेह होने के बाद उन्होंने स्थानीय स्तर पर सर्वे कराया। उनका दावा है कि सिमरकोल मोड़ के समीप 3-4 आवासीय परिसरों में करीब 100 लोग ऐसे मिले जिनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। वहीं घसियाडीह के कई नवनिर्मित मकानों में भी दर्जनों संदिग्ध लोग रह रहे हैं। पूछताछ में इन लोगों ने खुद को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, मालदा और आसनसोल का निवासी बताया। समाजसेवी का आरोप है कि कुछ मकान मालिक किराये के लालच में बिना पहचान पत्र का सत्यापन किए लोगों को कमरा दे देते हैं, जिससे आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है।

बांग्लादेशी घुसपैठ की आशंका, वोटर और राशन कार्ड की भी जांच की मांग

वीरेंद्र सिंह ने आशंका जताई कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कुछ बांग्लादेशी घुसपैठिए देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे हो सकते हैं। उनका दावा है कि रजौली में भी ऐसे लोग रह रहे हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से केवल आधार कार्ड ही नहीं, बल्कि वोटर आईडी, राशन कार्ड समेत सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की है।

पुलिस बोली— जांच जारी, सत्यापन के बाद ही सामने आएगी सच्चाई

रजौली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एसआई सचिन कुमार समेत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस इलाके में रह रहे लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला क्या है। फिलहाल, बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के रहने के दावों और पुलिस जांच शुरू होने से पूरे इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page