मुहर्रम को लेकर नवादा में बड़ी तैयारी! जुलूस, ताजिया, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन को सौंपा गया ब्लूप्रिंट

17 जून से 27 जून तक चलेगा मुहर्रम का सिलसिला, शहर के कई इलाकों में विशेष व्यवस्था की मांग; रजौली स्टैंड समेत प्रमुख मार्गों पर वाहन परिचालन रोकने का भी है प्रस्ताव

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवादा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में नेशनल इस्लामिक फेस्टिवल्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जिला प्रशासन को एक विस्तृत आवेदन सौंपकर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।

संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता नेजाम खान उर्फ कल्लू द्वारा दिए गए आवेदन में 17 जून से 27 जून तक होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रशासन से विशेष इंतजाम करने का आग्रह किया गया है। आवेदन के अनुसार मुहर्रम के दौरान शहर के कई इलाकों में मिट्टी लाने की रस्म, फूल की चौकी, ताजिया जुलूस और कर्बला कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

रजौली स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्लान की मांग

आवेदन में 27 जून को 11वीं मुहर्रम के अवसर पर रजौली स्टैंड क्षेत्र में भारी भीड़ की संभावना जताते हुए चार पहिया वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही सद्भावना चौक, मस्तानगंज, प्रजातंत्र चौक और मेन रोड समेत प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की गई है।

कर्बला और बुंदेलखंड बगीचा में विशेष निगरानी की मांग

संस्था ने कर्बला, बुंदेलखंड बगीचा, खुरी नदी के नए-पुराने पुल और अन्य संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चलंत शौचालय तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। वहीं रजौली स्टैंड में प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। मुहर्रम के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए यह आवेदन प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page