सासाराम में नवादा की बेटियों का धमाका! पहले ही मुकाबले में शेखपुरा को चटाई धूल, जीत से किया अभियान का आगाज

मॉडर्न इंग्लिश स्कूल की खिलाड़ियों ने दिखाया दम, डॉ. अनुज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना — राज्य चैंपियन बनने की ओर बढ़ा नवादा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में नवादा की बेटियों ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में शेखपुरा को 09-04 से पराजित कर पूरे जिले का मान बढ़ा दिया है। सासाराम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नवादा की टीम ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, उससे प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच भी हलचल मच गई है।

बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में रोहतास जिला हैंडबॉल संघ द्वारा आयोजित 11वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 20 जून तक सासाराम के बैजला स्थित एबीआर स्कूल खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नवादा की 12 सदस्यीय टीम को नवादा हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष एवं मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनुज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

टीम की कमान कप्तान वैष्णवी के हाथों में है, जबकि अवनी वत्स, रागिनी, रिया राज, अदिति, मुस्कान, देविका, आकांक्षा, रूही नयन, सलोनी, काजल और सपना टीम का हिस्सा हैं। सभी खिलाड़ी मॉडर्न इंग्लिश स्कूल की छात्राएं हैं और प्रशिक्षक नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। रवाना करते समय डॉ. अनुज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नवादा की बेटियां एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और विद्यालय का नाम पूरे बिहार में स्वर्णिम अक्षरों में लिखेंगी।

उनकी शुभकामनाएं पहले ही मैच में जीत के रूप में रंग लाती दिखीं। पहले मुकाबले में शेखपुरा के खिलाफ नवादा की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज गति और शानदार रणनीति का परिचय दिया। पूरे मैच में नवादा का दबदबा कायम रहा और टीम ने 09-04 से शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। नवादा जैसे छोटे शहर की बेटियां आज राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अब सभी की निगाहें अगले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां नवादा की टीम से एक और बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page