BigBreaking- चर्चित दीपू हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 दिन में मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दो विधि-विरुद्ध बालक भी निरूद्ध

10 रुपये के लेन-देन से शुरू हुआ खूनी विवाद, अब तक कई आरोपी सलाखों के पीछे; नवादा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के बहुचर्चित दीपू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज चार दिनों के भीतर हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरूद्ध किया गया है, जबकि इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

सदर एसडीपीओ-2 राहुल कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 जून 2026 की देर शाम नारदीगंज बाजार में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। आरोप है कि दुकानदार पक्ष ने दीपू पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान 11 जून को पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर नारदीगंज थाना में कांड संख्या 208/26 दर्ज किया गया। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की और शुक्रवार को मुख्य आरोपी मो. असगर दर्जी के पुत्र मो. अरमान को नवादा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरूद्ध किया है।

एसडीपीओ ने बताया कि इससे पहले मो. अख्तर, मुख्तरी खातून और मो. असगर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साफ है कि पुलिस इस चर्चित हत्याकांड के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शने के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page