रजौली में ‘इंट्री माफिया’ के हाईटेक सिंडिकेट का भंडाफोड़: फर्जी ई-चालान, हाईटेक रेकी और करोड़ों के खेल का पर्दाफाश

मुख्य सरगना समेत चार गिरफ्तार, डिजिटल एडिटिंग से तैयार होते थे नकली चालान, अवैध व ओवरलोडेड वाहनों को बॉर्डर पार कराने का संगठित नेटवर्क बेनकाब

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली में अवैध खनन और परिवहन को संरक्षण देने वाले हाईटेक इंट्री माफिया सिंडिकेट का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में मुख्य सरगना अकिल खान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

छापेमारी के दौरान चितरकोली जांच चौकी की ओर से आ रहे 12 चक्का गिट्टी लदे ट्रक को हरदिया के पास जांच के लिए रोका गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला और रामदासी मोड़ के समीप एनएच-20 पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान ट्रक के केबिन से बरामद ई-चालान ने अधिकारियों को भी चौंका दिया। तकनीकी जांच में पता चला कि चालान पूरी तरह फर्जी था और किसी अन्य वाहन के पुराने ई-चालान में डिजिटल एडिटिंग कर उसे नया रूप दिया गया था। ट्रक से मिले मोबाइल फोन और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद इस संगठित रैकेट की परतें खुलती चली गईं।

जांच में सामने आया कि गिरोह बिना वैध कागजात वाले और ओवरलोडेड वाहनों को सुरक्षित सीमा पार कराने के लिए सुनियोजित नेटवर्क चला रहा था। सबसे चौंकाने वाला खुलासा इस सिंडिकेट की हाईटेक कार्यशैली को लेकर हुआ। मुख्य आरोपी अकिल खान स्कॉर्पियो से लगातार हाईवे और थाना क्षेत्रों में घूमकर पुलिस व खनन विभाग की टीमों की रेकी करता था। अधिकारियों की पल-पल की लोकेशन व्हाट्सएप समेत अन्य माध्यमों से गिरोह के सदस्यों और ट्रक चालकों तक पहुंचाई जाती थी। जैसे ही जांच टीम किसी मार्ग पर सक्रिय होती, अवैध वाहनों का रूट तत्काल बदल दिया जाता था।

जांच में रंजीत कुमार उर्फ फुल्लो यादव और मुन्ना यादव उर्फ राकेश कुमार समेत अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका भी सामने आई है। खनन विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से रजौली, गोविंदपुर और सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से सक्रिय इंट्री माफियाओं के समानांतर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे भी कई और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page