नवादा के मिर्जापुर में शराब का ‘मिनी गोदाम’ बेनकाब! महिला शराब धंधेबाज रानी गिरफ्तार, ‘टाइगर’ के नेटवर्क का हुआ खुलासा

लाइन पार के एक घर में चल रहा था शराब का गुप्त खेल, 97.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, बरामदगी वाले कमरे पर चला सीलिंग का हथौड़ा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच नवादा उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के लाइन पार मिर्जापुर मोहल्ले में संचालित कथित अवैध शराब के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी में उत्पाद पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद करते हुए एक महिला धंधेबाज को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान जिस घर से शराब की खेप मिली, उसके कमरे को भी सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि मिर्जापुर स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है और वहां से चोरी-छिपे बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने घर की घेराबंदी कर तलाशी ली तो दो अलग-अलग कमरों से विदेशी शराब और बीयर का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान कौआकोल थाना क्षेत्र के कवाली गांव निवासी तथा वर्तमान में मिर्जापुर में रहने वाले रौशन कुमार की 40 वर्षीय पत्नी रानी कुमारी के रूप में हुई है। छापेमारी में कुल 97.5 लीटर शराब बरामद की गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी व्हिस्की, वोडका और बीयर शामिल हैं।

बरामद शराब की बाजार कीमत भी काफी बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसके अनुसार शराब की आपूर्ति और भंडारण का पूरा खेल मिर्जापुर निवासी राहुल कुमार उर्फ टाइगर संचालित करता था। उत्पाद विभाग के अनुसार राहुल उर्फ टाइगर पहले से ही उत्पाद मामलों का आरोपी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। विभाग का दावा है कि उसके घर से पहले भी शराब बरामद होने पर कमरा सील किया जा चुका है, जिसके बाद उसने दूसरे लोगों के घरों का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार शुरू कर दिया।

उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार महिला और राहुल कुमार उर्फ टाइगर के खिलाफ नई उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page