“जिस कोख ने जन्म दिया, उसी ने मिटा दिया अस्तित्व” — नवादा में बेटी की हत्या कर नदी किनारे दफनाया शव

25 दिन बाद खुला खौफनाक राज, मां-बाप और भाई गिरफ्तार; पिता ने कबूला जुर्म, कोड़ीहारी नदी से निकला क्षत-विक्षत शव

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी है। जिस मां-पिता ने बेटी को जन्म दिया, उसी ने अपने ही हाथों उसकी जिंदगी छीन ली और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। 25 दिनों तक यह खौफनाक राज मिट्टी के नीचे दबा रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

सनसनीखेज मामला जिले के धमौल थाना क्षेत्र के धरहरा गांव का है। बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल 2026 को परिवार वालों ने अपनी ही शादीशुदा बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव के पास बहने वाली कोड़ीहारी नदी किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा गया और उसे दफना दिया गया, ताकि किसी को भनक तक न लगे।

लेकिन कहते हैं अपराध कितने भी शातिर तरीके से किया जाए, सच ज्यादा दिनों तक छिपता नहीं। पुलिस को मिली गुप्त सूचना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दंडाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और नदी किनारे खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान मिट्टी से निकला क्षत-विक्षत शव देख वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर जांच के लिए पटना रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतका की शादी करीब दो वर्ष पहले राजस्थान में हुई थी। शादी के बाद भी वह लगातार मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि मां-बाप ने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतारने का खौफनाक फैसला कर लिया। मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता बिरजू चौधरी, मां लखिया देवी और भाई जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस हत्याकांड के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे नवादा जिले को स्तब्ध कर दिया है। गांव में मातम और दहशत का माहौल है। लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं — आखिर कोई मां-बाप अपनी ही बेटी के साथ इतना खौफनाक सलूक कैसे कर सकते हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page