नवादा के 6 प्रखंडों में डॉ. अनुज सिंह ने स्नातकों से क्या किया संवाद कि बढ़ गई लोकप्रियता

रजौली से नारदीगंज तक स्नातक मतदाताओं से सीधा संवाद, बेरोजगारी भत्ता, पुस्तकालय और निःशुल्क कोचिंग की मांगों पर दिया भरोसा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी परिदृश्य में स्नातक मतदाताओं के बीच संवाद का सिलसिला तेज होता दिख रहा है। जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह ने शनिवार को नवादा जिले के छह प्रखंडों में पहुंचकर स्नातक मतदाताओं और बुद्धिजीवियों से सीधा संवाद किया। रजौली, सिरदला, मेसकौर, नरहट, हिसुआ और नारदीगंज में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। इस दौरान रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय की सुविधा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।

रोजगार और शिक्षा बने जनसंवाद के केंद्र
जनसंवाद के दौरान उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं के सामने रोजगार की चुनौतियों और आर्थिक कठिनाइयों का मुद्दा छाया रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त संसाधन और मार्गदर्शन नहीं मिलने की समस्या भी सामने आई। स्नातक मतदाताओं ने प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय स्थापित करने, जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करने और बेरोजगार स्नातकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।

मतदाताओं का मानना था कि ऐसी सुविधाएं युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और रोजगार के अवसर तलाशने में मददगार साबित हो सकती हैं। डॉ. अनुज सिंह ने लोगों की समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने स्नातकों के हितों, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।

जाति-धर्म से आगे स्थानीय मुद्दों पर चर्चा का दावा
छह प्रखंडों में आयोजित जनसंवाद के दौरान विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम से जुड़े लोगों के अनुसार, अलग-अलग जातियों और धर्मों के मतदाताओं ने स्थानीय समस्याओं, युवाओं के भविष्य और शैक्षणिक सुविधाओं पर अपनी राय रखी। आयोजकों ने इसे स्नातक मतदाताओं के बीच मुद्दा आधारित संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

छह प्रखंडों में दिखी जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं की भागीदारी
रजौली में जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी नरेश चौधरी, सुबोध कुमार, कक्कू सिंह और रणजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सिरदला में पूर्व मुखिया साधु जी, पूर्व मुखिया किशुन जी, रामदेव चौधरी, नगीना सिंह, कोपल जी और शोला यादव ने भाग लिया। मेसकौर में पूर्व प्रमुख चन्द्रदेव प्रसाद यादव, इन्द्र देव चौधरी, अनिरुद्ध मिस्त्री और हरीश खान सहित कई लोग शामिल हुए। हिसुआ में प्रखंड उपप्रमुख धर्मवीर कुमार और अभिमन्यु सिंह सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही। वहीं, नारदीगंज में पूर्व प्रमुख गौरीशंकर सिंह, ओड़ो पंचायत के मुखिया गौरव कुमार छोटी, रविंद्र सिंह पचिया, सिद्धि सिंह नंदपुर, प्रवीण कुमार नारदीडीह और राजकुमार सिंह मसौढ़ा सहित अन्य लोगों ने जनसंवाद में भाग लिया।

स्नातक मतदाताओं के मुद्दों को केंद्र में रखने की कोशिश
इस जनसंवाद में जन सुराज के जिलाध्यक्ष और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों सहित कई नेताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय समस्याओं और स्नातक मतदाताओं की अपेक्षाओं पर चर्चा हुई। रोजगार, आर्थिक सहायता, पुस्तकालय और निःशुल्क कोचिंग जैसे मुद्दों को सामने रखकर डॉ. अनुज सिंह ने स्नातक मतदाताओं से संवाद किया। अब इन मुद्दों पर उनकी ओर से की गई पहल और भविष्य की कार्ययोजना पर मतदाताओं की नजर रहेगी।

