पकरीबरावां प्रखंड कार्यालय भवन निर्माण, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण व नए विद्यालयों की स्थापना समेत शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े कई मुद्दों को उठाया
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनीता ने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री एवं बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी विभाग के मंत्री को अलग-अलग पत्र भेजकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ठोस पहल की है। उन्होंने पकरीबरावां प्रखंड कार्यालय भवन निर्माण, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा नए विद्यालयों की स्वीकृति सहित कई जनकल्याणकारी मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक अनीता ने बताया कि पकरीबरावां प्रखंड कार्यालय और कर्मचारी आवास वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं। वर्ष 2014 में नए मॉडल भवन के निर्माण के लिए टेंडर जारी होने के साथ शिलान्यास भी किया गया था, लेकिन पटना उच्च न्यायालय में एक संवेदक की अपील के बाद निविदा रद्द होने से निर्माण कार्य ठप पड़ गया। उन्होंने सरकार से नए सिरे से टेंडर जारी कर अविलंब भवन निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें।

वहीं विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी विभाग के मंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक ने पकरीबरावां में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र मैट्रिक और इंटर उत्तीर्ण करते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षण संस्थान नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना होने पर पकरीबरावां, काशीचक, वारिसलीगंज, कौआकोल, रोह सहित जमुई और शेखपुरा जिले के हजारों युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
विधायक अनीता ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। उन्होंने काशीचक प्रखंड के मधेपुर गांव स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन को ध्वस्त कर आधुनिक भवन निर्माण तथा पिछले 15 वर्षों से बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को पुनः शुरू करने की मांग की है। साथ ही पकरीबरावां प्रखंड के दतरौल गांव में नए उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की भी मांग की है, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

शिक्षा के क्षेत्र में विधायक ने वारिसलीगंज प्रखंड एवं नगर परिषद क्षेत्र के गंगटा, महदेवा, ओरानी, पटेलनगर, प्रभुनगर सहित कई चिह्नित गांवों और मोहल्लों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नए प्राथमिक विद्यालय खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे छोटे बच्चों को अपने गांव के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। विधायक अनीता ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।


Recent Comments